दिनदहाड़े बंद मकान में लाखों की चोरी, मजदूरी से लौटे परिवार के उड़ गए होश

अंबैहटा (सहारनपुर)। नकुड़ थाना क्षेत्र के अंबैहटा कस्बे में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मजदूरी पर गए एक परिवार के सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार कस्बे के मोहल्ला किला निवासी मांगे का परिवार रोज की तरह सुबह घर में ताला लगाकर दिहाड़ी मजदूरी के लिए बाहर गया था। इसी दौरान चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर घर में घुस गए और अलमारी तथा बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। दोपहर में जब परिवार मजदूरी कर वापस घर लौटा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा मिला। read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/ अलमारी और बक्सों के टूटे ताले देखकर परिवार के होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नकुड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा चोरी की वारदात के संबंध में जानकारी जुटाई। साथ ही संभावित सुरागों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि चोरी हुए सामान का विवरण जुटाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *