महराजगंज। फरेंदा रोड स्थित टेढ़वा कुटी परिसर में स्थापित 113 वर्ष पुराने ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य जल्द शुरू होगा। शुक्रवार को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विधिवत पूजन-अर्चन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांच ईंटें रखकर मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य की आधारशिला रखी। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल भी मौजूद रहे।मंदिर के देखरेखकर्ता संत कुमार वर्मा ने बताया कि राम जानकी मंदिर का निर्माण वर्ष 1913 में हुआ था। इस लिहाज से यह मंदिर 113 वर्ष पुराना है। मंदिर के तत्कालीन पुजारी जय गुरुदेव बाबा के नाम से प्रसिद्ध थे। उनके सानिध्य और देखरेख में मंदिर में सुबह-शाम नियमित रूप से पूजा-अर्चना एवं आरती होती थी। आज भी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीरामचंद्र एवं लक्ष्मण जी की प्रतिमाएं स्थापित हैं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteयहां प्रत्येक वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं।आधारशिला रखने के बाद सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि यह मंदिर नगर के प्राचीन धार्मिक स्थलों में से एक है। 113 वर्ष पुराने इस मंदिर का जीर्णोद्धार होना नगरवासियों के लिए हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए मंदिरों का निर्माण एवं उनका संरक्षण बेहद जरूरी है। प्राचीन मंदिर हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।मंदिर के जीर्णोद्धार की आधारशिला रखे जाने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों में खुशी का माहौल है। इस दौरान संजीव शुक्ला, राकेश गुप्ता, राकेश अग्रहरी, विनोद गुप्ता, संजय पांडेय, अखिलेश्वर राव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।