गंगोह। गांव खानपुर गुर्जर में एक चैंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पंचायत सहायक समेत दो लोगों पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर जीवित व्यक्ति को कागजों में मृत दिखा दिया, ताकि विभिन्न बैंकों से लोन माफ कराया जा सके। पीड़ित जाबिर पुत्र दलीप ने कोतवाली में दी गई तहरीर में कहा है कि वह पूरी तरह जीवित हैं, लेकिन कागजों में मृत दर्शाकर उसके नाम का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बना दिया गया। जाबिर का कहना है कि वह अशिक्षित हैं और केवल हस्ताक्षर करना जानता है। पीड़ित के अनुसार जब उसने इस बारे में जानकारी मांगी तो आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया कि सरकार की योजना के तहत सभी लोन माफ कर दिए जाएंगे और बाद में अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। इसी भरोसे कर उसकी पत्नी को विभिन्न बैंकों में जाया गया और उसके नाम का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करा दिया गया। हाल ही में, बंधन बैंक गंगोह के कर्मचारी जाबिर के घर पहुंचे और उन्होंने बताया कि बैंक के रिकार्ड में उन्हें मृत दर्शातें हुए मृत्यु प्रमाण पत्र जमा किया गया है। यह सुनकर जाबिर हैरान रह गया और उन्होंने बैंक कर्मचारियों को बताया कि वह पूरी तरह जीवित हैं। बैंक कर्मचारियों ने लोन की बकाया राशि जमा न करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपियों उसे हाल ही में बेचे गए पॉपलर के पेड़ों की रकम से फिलहाल बैंक का लोन जमा करने की सलाह दी और बाद में मामला सुलझाने का आश्वासन दिया। जाबिर ने पुलिस से धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।