धूल की चादर में कैद खड़िया बाजार में चलना हुआ दूभर

शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर के मुख्य मार्ग स्थित खड़िया बाजार इन दिनों धूल के गुबार से जूझ रहा है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव न होने से पूरा बाजार धूल की चादर में ढक गया है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर चलना तो दूर, कुछ देर खड़ा रहना भी मुश्किल हो गया है। इसका सीधा असर व्यापार, यातायात और लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि तेज रफ्तार ट्रक और डंपर गुजरते ही धूल का घना गुबार उठता है, जिससे कुछ पल के लिए सामने का दृश्य तक दिखाई नहीं देता। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। बाजार में रोजमर्रा की खरीदारी करने आने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों के अनुसार, धूल के कारण उनकी दुकानों में रखे खाद्य पदार्थ, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत अन्य सामग्री प्रभावित हो रही है। ग्राहकों की आवाजाही कम होने से कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। वहीं बाजार आने वाले लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत और धूल जनित बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या से संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि मुख्य मार्ग पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा भारी वाहनों के संचालन के दौरान धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं।read more:https://worldtrustednews.in/yogi-government-working-to-make-youth-skilled-in-line-with-industry-demand/
खड़िया बाजार क्षेत्र का है प्रमुख व्यावसायिक केंद्र
खड़िया बाजार क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में धूल प्रदूषण की समस्या केवल व्यापार तक सीमित नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई कर बाजार को धूल के संकट से राहत दिलाएगा। उधर जनहित की इस समस्या को लेकर जिला प्रदूषण अधिकारी से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपने कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। लिहाजा उनका पक्ष नहीं लिया जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *