बच्चों की सुरक्षा को परिषदीय स्कूलों में लगाए जाएंगे दो सौ सीसीटीवी कैमरे

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, डिजिटल उपस्थिति, विद्यालय निरीक्षण तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जिला एवं विकासखंड स्तरीय टास्कफोर्स को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर समयबद्ध रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को ऐसे विद्यालयों की सूची तैयार करने को कहा, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों के आवागमन के लिए समुचित मार्ग नहीं है, ताकि वहां संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जा सके। डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा के दौरान घोरावल और दुद्धी ब्लॉक में उपस्थिति प्रतिशत कम मिलने पर जिलाधिकारी ने दोनों खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने पहले चरण में जनपद के 200 परिषदीय विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा बाद में अन्य विद्यालयों में भी यह व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया।read more:https://khabarentertainment.in/509-vidyut-sakhis-in-bijnor-receive-thermal-printers-instant-electricity-bill-receipts-will-now-be-available-at-doorsteps/उन्होंने कहा कि इससे विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बेहतर होगी। बैठक में जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं के पठन-पाठन, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की और सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा प्रत्येक विद्यालय में कक्षावार टाइम टेबल प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, डीसी-एनआरएलएम सरिता सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *