बुजुर्ग दंपती से चेन लूट में दो गिरफ्तार

बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती से हुई चेन लूट का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर सोने की चेन, .315 बोर का तमंचा और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को लकड़िया दादूपुर के पास बाइक सवार बुजुर्ग दंपती को असलहा दिखाकर चेन लूटी गई थी। मामले में असंद्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने बताया कि सोमवार को पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस और शिवांक सिंह, दोनों निवासी नौगवां रायतासी, थाना कुड़वार, सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर एक सोने की चेन, .315 बोर का अवैध तमंचा और वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल (यूपी 44 बीएक्स 8670) बरामद हुई।

read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने 16 सितंबर की चेन लूट की घटना में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ सुल्तानपुर के लंभुआ, मोतिगरपुर और जीआरपी सुल्तानपुर समेत कुड़वार थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी से संबंधित धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के मामले शामिल हैं। असंद्रा थाने में दर्ज मौजूदा मुकदमे में भी उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं शिवांक सिंह के खिलाफ असंद्रा थाने में इसी मामले का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उपनिरीक्षक महेंद्र सरोज, आनंद प्रताप सिंह व राम बदन राम समेत असंद्रा और रामसनेहीघाट थानों की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *