नगीना में एम्स की मांग ने पकड़ा जोर, सीएम योगी को भेजे जाएंगे एक लाख पोस्टकार्ड

नगीना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए स्वीकृत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को नगीना में स्थापित कराने की मांग अब एक जन-आंदोलन का रूप ले रही है। मंगलवार को भाजपा नेता और नामित सभासद डॉ. भूपेश चौहान के नेतृत्व में एक व्यापक ‘पोस्टकार्ड अभियान’ का आगाज किया गया। इस अभियान के तहत क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक लाख पोस्टकार्ड भेजकर अपनी आवाज बुलंद करेगी।read more:https://khabarentertainment.in/preparations-for-census-2027-in-full-swing-in-deoband-276-personnel-trained/
मुख्यमंत्री को संबोधित इन पोस्टकार्ड्स में नगीना में एम्स बनवाने के लिए ठोस तर्क दिए गए हैं। अभियान के संयोजक डॉ. भूपेश चौहान ने बताया कि नगीना में बिजनौर रोड पर स्थित दशकों से बंद पड़ी सहकारी कताई मिल की विशाल और अप्रयुक्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जो एम्स जैसे संस्थान के लिए सर्वथा उपयुक्त है। इसके अलावा, नगीना सड़क और रेल मार्ग से बेहतरीन कनेक्टिविटी रखता है। पोस्टकार्ड में यह भी रेखांकित किया गया है कि नगीना में एम्स बनने से न केवल जनपद बिजनौर, बल्कि पूरे मुरादाबाद मंडल और पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों की एक बड़ी आबादी को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। अभियान की शुरुआत मंगलवार को पहले 1000 पोस्टकार्ड भेजकर की गई। इससे पूर्व डॉ. चौहान ने अन्य नामित सभासदों और स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ एसडीएम विजय शंकर मिश्रा को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा था। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय बजट में पश्चिम यूपी के लिए एम्स की स्वीकृति के बाद, जिला मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने भी स्वास्थ्य महानिदेशक को बिजनौर में एम्स स्थापना का प्रस्ताव भेजा है। अब नगीना की जनता इस मौके को भुनाने के लिए सड़कों पर उतर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *