सहारनपुर। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शनिवार को सहारनपुर में श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और डीआईजी अभिषेक सिंह ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत और उत्साहवर्धन किया। आसमान से बरसते फूलों के बीच कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बना और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ तथा ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। शनिवार शाम करीब चार बजे हेलीकॉप्टर से घंटाघर चैराहा, राकेश केमिकल और गागलहेड़ी चैराहे के आसपास कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई। इन मार्गों से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही हेलीकॉप्टर से फूल बरसने शुरू हुए, कांवड़ियों ने हाथ उठाकर जयकारे लगाए और इस भव्य स्वागत का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा के बाद घंटाघर चैराहे से लेकर देहरादून मार्ग और अंबाला रोड तक शिवभक्तों के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कांवड़ियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया। कई श्रद्धालु हाथ जोड़कर भगवान शिव का स्मरण करते दिखाई दिए, जबकि अनेक कांवड़ियों ने जोरदार जयघोष कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा का उद्देश्य हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों के प्रति सम्मान और उनका उत्साहवर्धन करना रहा।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/फूलों की बारिश ने कांवड़ यात्रा के धार्मिक एवं उत्सवी माहौल को और भव्य बना दिया। सहारनपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है।
श्रद्धा और उल्लास में डूबा नजर आया शहर……
घंटाघर, देहरादून मार्ग, अंबाला रोड से लेकर गागलहेड़ी तक कांवड़ यात्रा का वातावरण पूरी तरह शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। आसमान से बरसते फूलों और सड़क पर गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच कांवड़ियों के जत्थे अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे। पुष्पवर्षा का यह दृश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।