सहारनपुर। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान सहारनपुर नगर क्षेत्र में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए विभिन्न शिविरों में श्रद्धा और सेवा का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर ने नगर क्षेत्र के विभिन्न कांवड़ शिविरों में पहुंचकर शिवभक्तों की सेवा में सहभागिता की और कांवड़ियों से आशीर्वाद लिया। विधायक राजीव गुंबर ने अलग-अलग कांवड़ शिविरों में पहुंचकर वहां चल रहे सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। उन्होंने शिविर आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवा कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कई कांवड़ शिविरों का शुभारंभ भी कराया तथा वहां मौजूद शिवभक्त कांवड़ियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी ली। राजीव गुंबर ने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों को उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रणाम करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित, सफल और मंगलमय होने की कामना की। विधायक ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा करना पुण्य और सौभाग्य का अवसर है। देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु आस्था और श्रद्धा के साथ गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सुविधा के लिए आगे आना समाज के लिए गौरव की बात है।
read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/
सेवा में जुटे आयोजकों को दी बधाई………
विधायक राजीव गुंबर ने कांवड़ शिविरों के आयोजकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से कांवड़ियों को भोजन, पेयजल, विश्राम, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सेवा में जिस समर्पण और उत्साह के साथ लोग जुटे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने शिविर आयोजकों को सफल सेवा कार्य के लिए बधाई देते हुए भगवान भोलेनाथ से उनके सुख, समृद्धि और सफलता की प्रार्थना की। विभिन्न शिविरों में इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे और पूरा वातावरण शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। राजीव गुंबर ने कहा कि सहारनपुर में कांवड़ियों के स्वागत, सेवा और सुविधा के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सामाजिक सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत कर रही है। उन्होंने सभी शिवभक्तों से अनुशासन और श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा पूरी करने की अपील करते हुए उनके सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने की कामना की।