शिमला: प्रदेश सरकार कामकाजी महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से राज्य में 152 नए क्रैच (बाल देखभाल केंद्र) खोलने जा रही है। इन केंद्रों के माध्यम से जहां छोटे बच्चों की देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इन क्रैचों के संचालन के लिए विभाग जल्द ही वर्कर और हेल्पर की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करेगा। इस भर्ती के लिए वर्कर की शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास और हेल्पर की 10वीं पास तय की गई है, जिन्हें क्रमशः 6500 और 3500 रुपए मासिक मानदेय दिया जाएगा। खास बात यह है कि पूर्व में संचालित क्रैचों के पात्र और अनुभवी कर्मचारियों की सेवाएं बरकरार रखी जाएंगी, जबकि पात्रता पूरी न करने वाले कर्मचारियों की जगह नई नियुक्तियां होंगी। नियुक्तियों की जिम्मेदारी एसडीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी को सौंपी गई है। विभाग के निदेशक डॉ. पंकज ललित ने पुष्टि की है कि इस पहल से महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा और कामकाजी महिलाओं को अपने बच्चों की सुरक्षा व पालन-पोषण की चिंता से मुक्ति मिलेगी।