बीना, सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार रात एक हृदयविदारक हादसे में 28 वर्षीय महिला अपने नौ माह के दुधमुंहे बेटे के साथ उफनते नाले में बह गई। रातभर चले खोज अभियान के बाद गुरुवार सुबह मासूम का शव बरामद हुआ, जबकि दोपहर में महिला का शव भी नाले से मिलने पर पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।read more:https://worldtrustednews.in/intensive-campaign-under-mission-shakti-phase-5-0-in-ghazipur-anti-romeo-team-activated/जानकारी के अनुसार, अनपरा औड़ी वार्ड नंबर-6 सुभाष नगर में नगर पंचायत कार्यालय से कुबरी टोला जाने वाले मार्ग पर स्थित मन्नू भारती के घर के पीछे से बड़ा नाला गुजरता है। लगातार बारिश के कारण नाले में तेज बहाव था। परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे राकेश भारती की पत्नी सविता (28 वर्ष) अपने नौ माह के बेटे को दूध पिलाने के बाद किसी काम से घर के पीछे गई थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा और तेज बारिश के कारण कोई सुराग नहीं मिला। देर रात तक स्थानीय लोग भी खोजबीन में जुटे रहे। गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद अनपरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान लगभग तीन किलोमीटर दूर अनपरा आवासीय परिसर स्थित अतिथि गृह के पास नाले से नौ माह के मासूम का शव बरामद हुआ। इसके बाद तलाश जारी रही और दोपहर करीब 12 बजे गांधी पार्क के पीछे नाले से महिला का शव भी बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी पी.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं लगातार बारिश के दौरान उफनते नालों और जल निकासी व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।