यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू, 6 केंद्रों पर 17 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा सोमवार से जिले में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गई। पहले दिन पहली पाली में 2832 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की है।परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल छह पालियों में 16,992 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि आरएसएम इंटर कॉलेज, आदर्श इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क, श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर तथा राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुडीलाडीह को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जा रही है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल नजर रखी जा सके। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने फ्रिस्किंग के साथ बालों, कानों तथा अन्य संभावित स्थानों की जांच कर मोबाइल, ब्लूटूथ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पड़ताल की। केंद्रों के बाहर धारा 144 लागू कर भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं।read more:https://pahaltoday.com/why-is-samajwadi-party-chief-akhilesh-yadav-branded-as-anti-ram-mandir/ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए छह स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल अथवा फर्जी अभ्यर्थी पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान एएसपी (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर तथा क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रवेश व्यवस्था, चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, कंट्रोल रूम संचालन तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बारकोड से मिली सहूलियत परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पुलिस विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों की लोकेशन से संबंधित बारकोड जारी किया गया है। बारकोड स्कैन कर अभ्यर्थी आसानी से अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र तक पहुंच सके, जिससे उन्हें केंद्र खोजने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *