ओबरा, सोनभद्र। प्रीतनगर क्षेत्र में रेलवे विभाग द्वारा सड़क किनारे कराई जा रही खुदाई के कारण पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और जनजीवन प्रभावित होने से नाराज क्षेत्रवासियों ने सोमवार को तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में एकत्र लोगों ने उप जिलाधिकारी ओबरा के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए तत्काल समस्या के समाधान की मांग किया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि रेलवे विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क के किनारे की गई खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा घरों और दुकानों के सामने खोदे गए गहरे गड्ढों से आवागमन बाधित हो रहा है तथा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। कई स्थानों पर टिन शेड और अन्य अस्थायी संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।ज्ञापन सौंपने के दौरान स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं ने प्रशासन से जनहित में तत्काल राहत एवं सुरक्षा संबंधी कदम उठाने की मांग की।read more:https://pahaltoday.com/sedimentation-in-dams-and-reservoirs-2-billion-people-at-risk/लोगों का कहना था कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आमजन को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ओबरा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों, क्षेत्रीय लेखपाल तथा नगर पंचायत चोपन के अधिशासी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान सामाजिक संगठन सेवा ही संकल्प के कार्यकर्ता राकेश केशरी ने कहा कि प्रीतनगर के निवासियों की समस्याएं अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने प्रशासन, रेलवे विभाग और संबंधित अधिकारियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पेयजल आपूर्ति बहाल कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने की मांग की। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से भी हस्तक्षेप कर रेलवे, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह केवल स्थानीय असुविधा का विषय नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों की दैनिक जरूरतों और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर जनहित का मामला है। प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।