अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, कई तहसीलों में सरकारी भूमि कराई गई कब्जामुक्त

गाजीपुर। जनपद में अवैध कब्जों के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर शुक्रवार को विभिन्न तहसीलों में राजस्व एवं प्रशासनिक टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि, चकरोड, पोखरों तथा सार्वजनिक रास्तों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। अभियान के दौरान राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कर कई स्थानों पर धारा 124, 116 एवं 67 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।read more:https://pahaltoday.com/meritorious-students-were-honoured-talent-award-ceremony-was-organised-in-pt-sachchidanand-inter-college/
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार तहसील कासिमाबाद के 09 राजस्व ग्रामों में 21 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 0.024 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। तहसील जमानियां के 04 राजस्व ग्रामों में 21 स्थानों पर कुल 0.902 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। वहीं तहसील सदर के 13 राजस्व ग्रामों में 21 स्थानों पर कुल 6.341 हेक्टेयर भूमि पर से अवैध कब्जा हटाया गया। इसी क्रम में तहसील सेवराई के 08 राजस्व ग्रामों में 21 स्थानों पर कुल 5.351 हेक्टेयर भूमि, तहसील सैदपुर के 06 राजस्व ग्रामों में 11 स्थानों पर कुल 3.038 हेक्टेयर भूमि तथा तहसील जखनियां के 15 राजस्व ग्रामों में 20 स्थानों पर कुल 5.4996 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। तहसील मुहम्मदाबाद के 10 राजस्व ग्रामों में 13 स्थानों पर कुल 4.978 हेक्टेयर भूमि पर कार्रवाई करते हुए पत्थरगड़ी एवं चकरोड निर्माण का कार्य भी कराया गया।  अभियान के दौरान प्रशासनिक टीमों ने अवैध कब्जों को चिन्हित कर जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कई स्थानों पर चकरोडों को खाली कराकर मार्ग निर्माण भी कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि, पोखरों एवं किसानों की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।  प्रशासन ने कब्जामुक्त कराई गई भूमि संबंधित विभागों को सुपुर्द कर दी है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा न करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *