खबरों के बाद भी नहीं जगा प्रशासन, अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा कोटा बस्ती मार्ग

शक्तिनगर, सोनभद्र। खड़िया बाजार से होकर गुजरने वाला कोटा बस्ती मार्ग अपनी जर्जर हालत को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में है। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि पूर्व में इस जनहित की समस्या को विभिन्न समाचारों में प्रमुखता से उठाए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली वाहन, बाइक सवार और आमजन गुजरते हैं। उखड़ी सड़क और गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिरने से बाल-बाल बचते हैं, वहीं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।read more:https://khabarentertainment.in/relief-for-traffic-police-in-the-scorching-heat-umbrellas-installed-at-the-clock-tower स्थानीय लोगों का कहना है कि एनटीपीसी से जुड़े राख परिवहन के भारी वाहन भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। भारी वाहनों के दबाव से सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है, लेकिन मरम्मत के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि कोटा बस्ती मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *