गाजीपुर सैदपुर। थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव के पास शनिवार की सुबह सैदपुर-देवचंदपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 27 वर्षीय युवा किसान बहादुर पाल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार देवचंदपुर गांव निवासी बहादुर पाल पुत्र चंद्रमा पाल शनिवार की सुबह अपनी बाइक से सैदपुर बाजार की ओर जा रहा था। बताया गया कि वह धान की फसल में उगी घास को खत्म करने के लिए कृषि दवा लेने घर से निकला था। इसी दौरान मीरपुर गांव के पास सैदपुर-देवचंदपुर मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बहादुर पाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसा देख आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।बताया गया कि बहादुर पाल का पूरा परिवार खेती-किसानी पर निर्भर था। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई सुनील पाल की शादी हो चुकी है और वह परिवार के भरण-पोषण के लिए टेंपो चलाते हैं, जबकि छोटा भाई सतीश पाल अभी पढ़ाई कर रहा है। परिवार के बीच कमाऊ सदस्य के असमय चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस ट्रक और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। उधर, युवा किसान की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।