शिव मंदिर से चांदी का नाग चोरी, पुलिस के हाथ खाली

बीना, सोनभद्र। अनपरा कॉलोनी परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बीते गुरुवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर में घुसकर भगवान शिव पर स्थापित चांदी का नाग, दान पेटी की नगदी और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर उठा ले गए। घटना के कई दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/managers-association-raised-voice-demanding-permanent-recognition-certificate/जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर में शातिराना तरीके से प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर शिवलिंग को भी ले जाने की कोशिश में थे, लेकिन असफल रहने पर चांदी का नाग और दान पेटी का धन लेकर फरार हो गए। इस घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। गौरतलब है कि क्षेत्र में यह लगातार तीसरी चोरी की घटना है, जिनमें से दो मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में ताजा वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामले की जांच में एक बड़ी बाधा कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों का बंद होना भी है। मंदिर परिसर से डीवीआर गायब होने के साथ ही आसपास के कई कैमरे पहले से ही खराब बताए जा रहे हैं, जिससे पुलिस को सुराग जुटाने में कठिनाई हो रही है। बंद पड़े कैमरों ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। मंदिर समिति के सदस्यों का कहना है कि क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उनका आरोप है कि जब तक इस पर सख्ती नहीं होगी, तब तक ऐसी वारदातें होती रहेंगी। घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर चांदी के नाग की बरामदगी की जाए तथा कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *