सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घिवही स्थित मालिया नदी पर बने सरना पुल के पास रेल लाइन किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व आरपीएफ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।read more:https://worldtrustednews.in/torrential-rains-in-the-midst-of-summer-storms-with-a-speed-of-60-km-per-hour-alert-in-7-states/जानकारी के अनुसार, हटिया-जम्मू तवी एक्सप्रेस से सफर कर रहे एक यात्री की चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष तिर्की (45) पुत्र बाघा तिर्की निवासी ग्राम बनौहरा रंका टोली, पंडरा, रांची (झारखंड) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रांची से लुधियाना प्लंबर मिस्त्री का कार्य करने के लिए जा रहा था। घटना रात्रि करीब 3 बजे की बताई जा रही है। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मी पंकज सिंह ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पत्नी मैरी रौशनी से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार, संतोष तिर्की शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ट्रेन से रवाना हुए थे, लेकिन किन परिस्थितियों में वह ट्रेन से गिर गए, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।