कसौली के हेरिटेज बाजार में भीषण अग्निकांड: 8 दुकानें जलकर राख, 3 करोड़ का नुकसान

​कसौली (सोलन): पर्यटन नगरी कसौली के ऐतिहासिक छावनी शहर में सोमवार तड़के उस समय कोहराम मच गया, जब मशहूर हेरिटेज बाजार में भीषण आग लग गई। सुबह करीब 4:00 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते आठ दुकानों और कई रेस्तरां को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों की करोड़ों रुपए की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई है। अग्निकांड की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।​प्रभावित दुकानदार और प्रशासन की कार्रवाई ​उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत बोर्ड ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। जिला प्रशासन द्वारा त्वरित राहत के रूप में सभी 8 प्रभावित दुकानदारों को 25-25 हजार रुपए की फौरी सहायता राशि प्रदान की गई है। इस अग्निकांड में मुख्य रूप से गुरुदीप आनंद, अविनाश सहगल, गौरव कुमार गुप्ता की गिफ्ट शॉप, अमन चोपड़ा की मोमोज शॉप, बलदेव किशन और भूपेंद्र सिंह की फास्ट फूड शॉप, रमेश कुमार की स्वीट्स शॉप और विशाल अग्रवाल के मेडिकल व जनरल स्टोर को भारी क्षति पहुंची है।​करोड़ों की संपत्ति का अनुमानित नुकसान ​उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) कसौली की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग 3 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। आग लगने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि वे आपदा की स्थिति में सतर्क रहें और किसी भी आपातकालीन सूचना के लिए तुरंत जिला आपदा प्रबंधन के नंबर 1077 पर संपर्क करें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नुकसान का विस्तृत आकलन करने के बाद नियमानुसार आगामी सहायता भी प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *