गाजीपुर जमानियां/। जनपद गाजीपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुचारु बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन के निर्देशों के अनुपालन तथा जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) द्वारा जिले के 17 अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।read more:https://pahaltoday.com/service-and-retirement-are-two-aspects-of-life-noor-mohammad/बताया जा रहा है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात चिकित्साधिकारियों को हटाकर नई तैनाती दी गई है, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाया जा सके। स्थानांतरण आदेश 6 मई 2026 को जारी किया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।स्थानांतरित किए गए चिकित्साधिकारियों में डॉ. धनंजय आनंद को मुहम्मदाबाद से भदौरा, डॉ. अमर कुमार को भदौरा से बिरनो, डॉ. रूद्रकांत सिंह को जमानियां से मुहम्मदाबाद तथा डॉ. संजीव कुमार सिंह को सैदपुर से मरदह भेजा गया है। इसके अलावा अन्य कई प्रभारी चिकित्साधिकारियों का भी विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर तबादला किया गया है।स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार यह कदम ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अविलंब अपनी नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। आदेश की अवहेलना करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।