जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां नगर, कस्बा बाजार तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई। सुबह तक तेज धूप और उमस से परेशान लोगों ने दोपहर बाद मौसम का बदला मिजाज देखा। आसमान में घने काले बादल छा गए और रिमझिम फुहारों के साथ शुरू हुई बारिश ने देखते ही देखते पूरे क्षेत्र का वातावरण सुहाना बना दिया।read more:https://pahaltoday.com/raja-singh-gave-five-tips-to-the-forest-dwellers-to-face-the-challenges/
पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया था। उमस इतनी अधिक थी कि पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे थे। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली और बाजारों तथा मोहल्लों में मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।अमन शांति एकता कमेटी के सरपरस्त नेसार खान वारसी ने कहा कि लोग लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे। सोमवार की बारिश ने भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई है। वहीं वीरेंद्र कुमार, हाजी इमरान नियाजी, सचिन कुमार वर्मा, मुन्ना गुप्ता और ताबिश मंसूरी ने भी कहा कि बारिश से मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया है और लोगों को काफी सुकून मिला है।बेलाल मंसूरी ने बताया कि जमानियां कस्बा बाजार सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। इससे उमस कम हुई है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।किसान धर्मराज सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। खरीफ की प्रमुख फसलें, विशेषकर धान और मक्का, इस वर्षा से लाभान्वित होंगी। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई की आवश्यकता भी कुछ समय के लिए कम हो जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आगामी दिनों में भी इसी तरह संतुलित वर्षा होती रही तो न केवल मौसम सुहाना बना रहेगा, बल्कि कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी और किसानों की उम्मीदें मजबूत होंगी।