बहराइच ( बाबागंज )। भारतीय किसान क्रांति यूनियन की नवाबगंज ब्लॉक इकाई की मासिक पंचायत सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर जिला अध्यक्ष पती राम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए पांच सूत्रीय मांगपत्र खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर संगठन धरना प्रदर्शन करेगा। जिला अध्यक्ष पती राम चौधरी ने कहा कि क्षेत्र की सहकारी समितियों एवं निजी खाद विक्रेताओं द्वारा खाद की बोरियां निर्धारित मूल्य से करीब 200 रुपये अधिक कीमत पर बेची जा रही हैं, जिससे किसान आर्थिक शोषण का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की। बैठक में बरसात के मौसम में गांवों की खराब सफाई व्यवस्था,बजबजाती नालियों,डेंगू व संचारी रोगों के बढ़ते खतरे पर भी चिंता जताई गई। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाएं,अतिरिक्त बेड तथा विषैले जीव जंतुओं के काटने पर प्रभावी उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। किसान नेताओं ने कहा कि पर्याप्त बारिश न होने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में नहरों में शीघ्र पानी छोड़ा जाए।read more:https://pahaltoday.com/census-of-india-will-be-digital-in-2027-in-bhadohi/ साथ ही सरकार के निर्देशों के अनुरूप निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। पंचायत के बाद खण्ड विकास अधिकारी के प्रतिनिधि एवं एडीओ राजेश कुमार सिंह को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने कहा कि यदि समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष राम समुझ जायसवाल,लल्लन प्रसाद,फौजी मुनीर बाबा,मनीराम यादव,राम दयाल शर्मा,अनवर अली,लज्जा देवी,शीला देवी,रामचंद्र,केतकी देवी,गौरी शंकर,सीमा देवी,गीता देवी सहित बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।