मंडी में दुस्साहस: कॉलेज जा रही छात्रा की गला रेतकर निर्मम हत्या, ग्रामीणों ने घेराबंदी कर हत्यारे को दबोचा

​सरकाघाट (मंडी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के तहत आते सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक रूहानी और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ नैण गांव की रहने वाली 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया, पुत्री जोगिंदर सिंह, की दिनदहाड़े गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, छात्रा हर रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उसे रोक लिया। हमलावरों ने छात्रा पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला किया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपियों का स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी से पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों की सक्रिय मदद से घेराबंदी की और वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस जघन्य अपराध के बाद पूरे क्षेत्र में भारी तनाव और गम का माहौल है। पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के मुख्य कारणों का खुलासा हो सके। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *