गाजीपुर । स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) गाजीपुर में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर छात्रों ने दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान चलाने के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं के नेतृत्व में पहुंचे छात्र-छात्राओं ने 710 विद्यार्थियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को प्रेषित किया। साथ ही जिलाधिकारी को भी पत्रक सौंपकर मामले में उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में छात्रों ने अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान को ज्ञापन सौंपा। छात्र नेताओं ने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो वे आमरण अनशन और व्यापक आंदोलन शुरू करेंगे।पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा अवैध वसूली नहीं होने की बात कहना वास्तविकता से परे है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों के आरोप गलत हैं तो महाविद्यालय प्रशासन उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकता है। छात्र नेता आकाश चौधरी ने कहा कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर कथित वसूली का मामला लंबे समय से उठाया जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष महाविद्यालय परिसर में लिखित नोटिस के माध्यम से पैसे लिए गए थे, जबकि इस बार बाहर की दुकानों पर यह प्रक्रिया कराई जा रही है।छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ‘राजन’ ने कहा कि 710 विद्यार्थियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन छात्रों की शिकायतों को दर्शाता है। वहीं निलेश बिंद और विकास यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था महाविद्यालय परिसर में ही निशुल्क और सुगम तरीके से होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।छात्रों ने राज्यपाल और जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र उच्चस्तरीय समिति गठित करने, कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने, बायोमेट्रिक प्रक्रिया निशुल्क कराने और जिन विद्यार्थियों से धनराशि ली गई है, उन्हें वापस कराने की मांग की है। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान दीपक उपाध्याय, प्रद्युम्न सिंह यादव ‘राजन’, आकाश चौधरी, निलेश बिंद, विकास यादव, अंकित भारद्वाज, विवेक, अखिलेश, पवन, मोहित, अभिमन्यु विश्वकर्मा, ऋतिक, सोनू यादव, बागी, विवेक यादव, अमन सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।