राज्य महिला आयोग की सदस्या ने सुनी महिलाओं की समस्याएं

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती सपना कश्यप ने गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक, महिला जनसुनवाई एवं महिला चैपाल का आयोजन कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक में महिला कल्याण, समाज कल्याण, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा भी की गई। जनसुनवाई के दौरान कुल 15 प्रकरण सामने आए, जिनमें आठ मामले घरेलू हिंसा से संबंधित, चार पुलिस विभाग, एक-एक मामला पंचायती राज, समाज कल्याण (वृद्धावस्था पेंशन) तथा राजस्व विभाग से संबंधित था। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई कर निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।read more:https://worldtrustednews.in/four-new-expressway-projects-approved-further-strengthening-uttar-pradeshs-expressway-network/सदस्या सपना कश्यप ने कहा कि सरकार की विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से जरूरतमंद महिलाओं की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह ने बैठक में निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, कन्या भू्रण हत्या एवं मानव तस्करी से संबंधित कानूनों और योजनाओं की जानकारी दी। इसके उपरांत राज्य महिला आयोग की सदस्या ने चंद्र नगर स्थित शक्ति सदन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संस्था के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पीड़ित एवं जरूरतमंद महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गंगोह प्रिया यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, सप्लाई इंस्पेक्टर मोहिनी मिश्रा, सीटीएओ संगीता गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश त्यागी, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी जितेंद्र कुमार, प्रभारी महिला थाना कुसुम भाटी, प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र बबीता तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *