त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस, डीआईजी वैभव कृष्ण ने सर्राफा बाजारों में किया पैदल भ्रमण

गाजीपुर। धनतेरस, दीपावली और भैया दूज पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में 5 नवंबर को वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में गाजीपुर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील सर्राफा बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।डीआईजी ने कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और सर्राफा मार्केट का भ्रमण कर पुलिस की सक्रियता, सुरक्षा प्रबंधों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्राफा कारोबारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं एवं सुझाव भी जाने। व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/इसके बाद कोतवाली परिसर में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठक हुई। इसमें दुकानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, बाजारों में पुलिस की नियमित गश्त और पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई।धनतेरस के मद्देनजर यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या से निपटने, पार्किंग की व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल और जरूरत के अनुसार एकल मार्ग यातायात व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया गया, ताकि त्योहार के दौरान आम लोगों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो।डीआईजी ने पिछले दस वर्षों में धनतेरस, दीपावली और भैया दूज के अवसर पर हुई लूट एवं डकैती की घटनाओं की भी समीक्षा की। इन मामलों में शामिल आरोपितों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर सक्रिय अपराधियों और संदिग्धों पर निगरानी रखने तथा आवश्यक निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सर्राफा बाजारों में नियमित पैदल गश्त, प्रभावी पुलिस चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर नजर रखने को कहा। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और व्यापारियों के साथ निरंतर संपर्क रखने के निर्देश दिए, जिससे त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *