पीडीए के अपमान का बदला 2027 के चुनाव में लेगी सपा: सोनू यादव

बाराबंकी। संसद परिसर में कांग्रेस सांसद पप्पू यादव के भगवा वस्त्र पहनकर किए गए प्रदर्शन को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते-चप्पल चलाए जाने के विरोध में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। दरियाबाद विधानसभा स्थित रामसनेहीघाट में वरिष्ठ सपा नेता एवं लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव उमानाथ यादव ‘सोनू’ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इस घटना को सांसद का अपमान बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उमानाथ यादव ने कहा कि दलित समाज का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलेगा। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। बता दें, प्रदर्शन से पहले, भिटरिया स्थित एक मैरिज लॉन में सपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद, कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च के रूप में ज्ञापन देने के लिए निकले। कार्यकर्ता जैसे ही भिटरिया हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, रामसनेहीघाट पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/इसके बाद, कार्यकर्ताओं ने वहीं पर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और घटना के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ब्लाक अध्यक्ष जैसीराम रावत ने कहा कि अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद के फोटो लगे पुतले को चप्पलों से पीटने की घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी जनप्रतिनिधि के सम्मान को ठेस पहुंचाना लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सुधाकर पाण्डेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत की, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद सपा कार्यकर्ता वापस लौट गए। इस मौके पर लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव उमानाथ यादव सोनू, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अखिलेश वर्मा, ब्लाक अध्यक्ष जैसीराम रावत, संजय कश्यप, रमेश वर्मा, प्रेम नरायन यादव, संदीप यादव, जय सिंह यादव, मुकेश रावत, रामरूप रावत, प्रकाश वर्मा, शैलेन्द्र वर्मा मंटू, रामदीन रावत, अंकित यादव, सोनू कनौजिया, शिवम पटेल, बृज किशोर वर्मा, अनिमेष सिंह राहुल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *