बाराबंकी। जिले में बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर यूथ कांग्रेस ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिकंदर अब्बास रिजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने छाया चौराहे से विद्युत विभाग के घोसियाना स्थित कार्यालय तक पदयात्रा निकाली और कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शन में सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों, ट्रांसफॉर्मर की समस्या, नई बस्तियों में विद्युतीकरण, स्ट्रीट लाइट और स्मार्ट मीटर समेत कई मुद्दे उठाए। कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचने के बाद यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिकंदर अब्बास रिजवी ने अधिशासी अभियंता के सामने बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर विद्युत तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। इससे आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होती है। यूथ कांग्रेस ने मांग की कि जर्जर विद्युत तारों को तत्काल बदला जाए और पुराने विद्युत ढांचे को दुरुस्त किया जाए। प्रदर्शन के दौरान हैदरगढ़ तहसील के तेलवाय गांव में ट्रांसफॉर्मर जलने का मामला भी उठाया गया। यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि संबंधित अवर अभियंता द्वारा ट्रांसफॉर्मर बदलवाने के लिए ग्रामीणों से कथित तौर पर 10 हजार रुपये एकत्र करने को कहा गया।read more:https://pahaltoday.com/cmo-saved-the-lives-of-passengers-injured-in-a-road-accident/ज्ञापन में बाराबंकी के विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों को बदलने की मांग की गई। यूथ कांग्रेस ने विशेष रूप से बंकी, सिद्धौर, हैदरगढ़, सुबेहा, सतरिख, देवा, फतेहपुर, बेलहरा, रामनगर, नवाबगंज, मसौली, रामपुर और भयारा सहित कई क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। यूथ कांग्रेस ने कहा कि इन लाइनों की स्थिति की तकनीकी जांच कराकर जहां आवश्यक हो, वहां मरम्मत या बदलाव कराया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने गांवों और शहरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अभियंता ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने उठाए गए मुद्दों पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिकंदर अब्बास रिजवी ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन दोबारा आंदोलन करेगा। यूथ कांग्रेस ने बिजली समस्याओं के समाधान के लिए 24 अगस्त 2026 को गन्ना कार्यालय, बाराबंकी में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन के दौरान सरजू शर्मा, राजेंद्र वर्मा, दिलशाद वारसी, फरहान किदवई, सना मूही, तस्लीम खान, नसरीन फातिमा, गुड्डू गौतम, शुभम वाल्मीकि, तरुण बक्श, अखिलेश वर्मा, अमन खान, विजय पाल गौतम, श्रीकांत मिश्रा, यास्मीन खान, रितेश, जुनेद, विष्णु शिल्पकार, अब्दुल समद, मोहम्मद सैफ सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।