=जखनियां/गाजीपुर विकासखंड जखनियां में शनिवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) भीमराव प्रसाद के सेवानिवृत्त होने पर ब्लॉक सभागार में भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। करीब 31 वर्षों की शासकीय सेवा तथा जखनियां विकासखंड में लगभग एक वर्ष तक सफलतापूर्वक सेवाएं देने के उपरांत उनके सम्मान में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।समारोह के मुख्य अतिथि एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सत्येंद्र प्रताप सिंह ‘मसाला सिंह’ ने भीमराव प्रसाद को माल्यार्पण, स्मृति चिह्न, धार्मिक ग्रंथ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भीमराव प्रसाद ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, सादगी और निष्पक्षता के साथ विकास कार्यों को गति दी। उनका सरल व्यवहार, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण उन्हें एक आदर्श अधिकारी के रूप में स्थापित करता है। ऐसे अधिकारी विभाग की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके अनुभव और कार्यशैली से आने वाली पीढ़ियां भी प्रेरणा लेंगी।उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा का अंत केवल एक औपचारिकता है, जबकि समाज और लोगों के दिलों में बनाई गई पहचान हमेशा जीवित रहती है। उन्होंने भीमराव प्रसाद के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका अनुभव समाज के लिए आगे भी उपयोगी सिद्ध होगा।अपने विदाई संबोधन में खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद भावुक दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी का एक दिन अंत अवश्य होता है, लेकिन सेवा के दौरान बने आत्मीय रिश्ते और सहयोग की यादें जीवनभर साथ रहती हैं। जखनियां में बिताया गया समय मेरे लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। यहां के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों से जो स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, वह मेरे जीवन की अमूल्य पूंजी है।उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की सफलता उसकी टीम के सहयोग पर निर्भर करती है।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/ विकासखंड के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया, जिसके कारण विकास कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जा सका। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी भीमराव प्रसाद के कार्यकाल, उनकी कार्यशैली, सौम्य व्यक्तित्व तथा प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अजीत सिंह, भूल्लन यादव, चानी यादव, हरिंदर कुमार, हरकेश यादव, श्रीकेश गौड़, सिद्धार्थ सिंह उर्फ मान, आशुतोष सिंह ‘आशु’, उपेंद्र प्रताप सिंह ‘रिंकू’, हेमंत सिंह, सर्वेश कुमार, आरती यादव, वंदना यादव, सतीश बाबू, रामजन्म सिंह, अंजनी सोनकर, प्रशांत राय, राजकमल, गौरव, प्रमोद, प्रफुल्ल, अमन पटेल, पवन कुमार मिश्रा, एडीओ पंचायत अशोक कुमार यादव सहित विकासखंड जखनियां के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।समारोह के अंत में सभी ने भीमराव प्रसाद के सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।