निगाही खदान बैरियर पर एनसीएल कर्मी ने जमकर काटा बवाल

बीना, सोनभद्र। एनसीएल की निगाही परियोजना के खदान प्रवेश मार्ग स्थित बैरियर पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक एनसीएल कर्मी ने अपने साथियों के साथ मिलकर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि वैध प्रवेश पास (आरएफआईडी) दिखाने को कहने पर आरोपी भड़क गया और बैरियर पर लगे सीसीटीवी कैमरे व अन्य उपकरणों में तोड़फोड़ कर दी। इतना ही नहीं, ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों पर लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के दौरान बैरियर पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। पूरी वारदात वहां लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीन लोग बैरियर पर तोड़फोड़ और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में सुरक्षा गार्ड अजय सिंह, श्रीकांत सिंह सहित तीन कर्मी घायल हो गए। अजय सिंह का हाथ फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें एनएससी जयंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य दो घायलों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सभी घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया है। नवानगर थाने में दर्ज तहरीर के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे आरोपी एनसीएल कर्मी अपने तीन-चार साथियों के साथ बोलेरो वाहन से बैरियर पर पहुंचा और वाहन को बिना जांच के अंदर ले जाने का दबाव बनाने लगा।read more:https://pahaltoday.com/bangladesh-foreign-minister-who-met-jaishankar-said-send-sheikh-hasina-back/सुरक्षा कर्मियों ने जब नियमानुसार वाहन का वैध आरएफआईडी पास दिखाने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बैरियर व सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही परियोजना के सुरक्षा विभाग ने नवानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्य आरोपी दद्नु कुशवाहा एवं उसके दो अन्य साथियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परियोजना प्रबंधन भी घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की आंतरिक जांच करा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *