सोनभद्र। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मार्च 2026 से अब तक कुल 336 खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस किए गए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।read more:https://pahaltoday.com/relief-to-thirsty-people-in-the-scorching-heat-bharat-vikas-parishad-bhadohi-launched-water-service-at-three-places/
सर्विलांस सेल, विशेष कार्यबल तथा विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और सतत निगरानी के जरिए मोबाइल फोन ट्रेस किए। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल ने बरामद मोबाइल फोन संबंधित स्वामियों को सौंपे। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व फरवरी 2026 में भी 151 मोबाइल बरामद कर लौटाए गए थे। वहीं साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर अपराध) अनिल कुमार के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई की। 12 मार्च 2026 से अब तक साइबर ठगी के शिकार 66 पीड़ितों के कुल 27,26,442 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस कराई गई। इसके अतिरिक्त 1 फरवरी से 11 मार्च 2026 के बीच 86 पीड़ितों के 35,86,160 रुपये भी वापस कराए जा चुके हैं। पुलिस ने यह सफलता राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर सतत निगरानी, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर त्वरित संज्ञान, संदिग्ध खातों को तत्काल होल्ड कराने तथा बैंकों से समन्वय के माध्यम से प्राप्त की है।