फिरोजपुर: जिला पुलिस प्रमुख भूपिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर नशा तस्करों के विरुद्ध छेड़ी गई मुहिम के तहत फिरोजपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने सीमावर्ती गांव कोहाला के एक खेत से भारी मात्रा में हेरोइन की खेप और एक अत्याधुनिक चीनी ड्रोन बरामद किया है। बरामद की गई हेरोइन का कुल वजन 6 किलो 930 ग्राम पाया गया है, जिसे अज्ञात तस्करों द्वारा सीमा पार से मंगवाया गया था। इस मामले में थाना मल्लांवाला पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना के संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख भूपिंदर सिंह ने बताया कि सहायक थानेदार दर्शन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम गांव कोहाला पहुंची, तो वहां के नंबरदार गुरजंट सिंह पुत्र ठाणा सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उनके खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो वहां से ‘सीई रोच’ (CE ROCH) मेड इन चाइना ड्रोन (नंबर 26-02-001/000003) बरामद हुआ, जिसमें 6 पंखे लगे हुए थे। ड्रोन के साथ ही हेरोइन के पैकेट बरामद किए गए, जिनका वजन करने पर 6 किलो 930 ग्राम मात्रा पाई गई। पुलिस अब इस तकनीकी सुराग और लोकेशन के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की यह खेप किस तस्कर ने मंगवाई थी, ताकि इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचकर उसे खत्म किया जा सके।