जौनपुर, । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत, जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आर्यभट्ट सभागार, रज्जू भैया संस्थान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।read more:https://pahaltoday.com/adg-conducts-surprise-inspection-of-police-office-branches-emphasizes-speedy-redressal-of-public-grievances/
खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम को टीवी पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और भारत को खेलों की महाशक्ति बनाने का आह्वान किया। इसी क्रम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आज भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, अपनी प्रतिभा को निखारने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित एवं ऊर्जावान युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने युवाओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न खेल एवं युवा कल्याण योजनाओं, सुविधाओं एवं अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के खेल विभाग की वेबसाइटों तथा विभिन्न नोटिफिकेशनों के माध्यम से युवाओं को खेलों से संबंधित अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है, जिसका लाभ उठाकर वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं। राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न सेवाओं एवं पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से विशेष अवसर भी प्रदान किए जाते हैं। मंत्री श्री यादव ने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों के युवाओं के लिए खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि “खेलोगे-कूदोगे बनोगे खराब”, लेकिन आज यह सोच बदल गई है और विकसित भारत की परिकल्पना में संदेश है कि “खेलोगे-कूदोगे बनोगे नवाब।” उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग एवं माई भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से जुड़कर अपनी प्रतिभा और क्षमता को विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।विशिष्ट अतिथि श्री सुरेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त साधन है। खेल युवाओं में संघर्ष, धैर्य, अनुशासन और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
एथलेटिक्स खिलाड़ी सुश्री पूजा यादव को मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि श्री सुरेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक ने बुके मोमेंटो और अंगवस्त्रं देकर सम्मानित किया। पूजा यादव ने अपने खेल जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने युवाओं को निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन सुमित सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ. शशिकांत यादव द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर प्रो. मिथिलेश सिंह, कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. श्याम कन्हैया, डॉ. मनोज पाण्डेय, जिला प्रशासन के खेल विभाग के अधिकारी, इंदिरा गांधी स्टेडियम के अधिकारीगण, विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक, उत्कर्ष सिंह, सर्वेश यादव, अवशेष जायसवाल, अभिनव कीर्ति पाण्डेय, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं माय भारत के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।