एडीजी ने पुलिस कार्यालय की शाखाओं का किया औचक निरीक्षण, जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

गाजीपुर । अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी के जनपद आगमन पर गुरुवार को पुलिस कार्यालय में सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। एडीजी ने सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार करने के बाद पुलिस अधीक्षक गाजीपुर की मौजूदगी में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अपर पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कार्यालय स्थित आंकिक शाखा, जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी), वाचक कार्यालय, शिकायती प्रार्थना पत्र शाखा, आईजीआरएस सेल, एलआईयू तथा प्रधान लिपिक कार्यालय समेत विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित शाखाओं में संचालित कार्यों की जानकारी लेते हुए अभिलेखों, रजिस्टरों और पत्रावलियों के रखरखाव की स्थिति देखी तथा सभी रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान आईजीआरएस एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
एडीजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्षता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को पुलिस से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।महिला संबंधी अपराधों और शिकायतों को लेकर भी उन्होंने गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा, सम्मान और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ महिला हेल्पलाइन एवं महिला डेस्क को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।अपर पुलिस महानिदेशक ने निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखें तथा पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर समेत पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *