भदोही। महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लिया है। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को यूपीएसारटीसी बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं रक्षाबंधन पर्व पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक सभी महिलाओं को एक सहयात्री के साथ फ्री बस यात्रा की सौगात दी गई है।read more:https://pahaltoday.com/the-houses-of-people-living-on-government-land-were-demolished/इस संबंध में बुधवार को ज्ञानपुर में स्थित एक मैरिज लॉन में जनजागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान 600 महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट की गई। कार्यक्रम में बताया गया कि 60 प्लस महिलाओं की इस योजना से प्रदेश की करीब एक करोड़ बुजुर्ग महिलाओं को लाभ मिलेगा। आयु का सत्यापन आधार या वोटर आईडी से होगा और इसके लिए विशेष स्मार्ट कार्ड भी बनाया जाएगा। रक्षाबंधन पर फ्री यात्रा को लेकर त्योहार पर भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। नगर विकास विभाग की 900 से अधिक बसों में भी यह सुविधा रहेगी। बस अड्डों पर पेयजल, साफ-सफाई, सीसीटीवी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि यह दोनों निर्णय महिलाओं के जीवन को सुगम और सुरक्षित बनाएंगे। औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा और डीएम शैलेश कुमार ने भी इसे महिलाओं की आत्मनिर्भरता बढ़ाने वाला कदम बताया। इस मौके पर एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला, सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, एसपी अभिनव त्यागी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो.रिचा यादव ने किया।