सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने विस्तृत यातायात एवं डायवर्जन योजना जारी कर दी है। यह व्यवस्था 29 जुलाई की मध्यरात्रि से 11 अगस्त तक दो चरणों में लागू रहेगी। इस दौरान कांवड़ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी, जबकि आवश्यक सेवाओं के वाहनों को विशेष छूट दी गई है। प्रशासन के अनुसार जनपद में तीन प्रमुख कांवड़ मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पहला मार्ग काली नदी पुल से गागलहेड़ी, देहरादून चैक, घंटाघर, सरसावा होते हुए यमुनानगर तक, दूसरा छुटमलपुर, मुजफ्फराबाद, बेहट और हथनीकुंड होकर तथा तीसरा देवबंद, नानौता, तीतरों और गंगोह से करनाल-शामली की ओर रहेगा। पहला चरण 29ध्30 जुलाई की मध्यरात्रि से 4 अगस्त तक लागू रहेगा, जिसमें कांवड़ मार्ग के एक ओर कांवड़ियों और दूसरी ओर हल्के वाहनों का संचालन होगा।read more:https://worldtrustednews.in/new-indias-new-up-will-not-have-any-memorial-or-fair-dedicated-to-a-foreign-invader-chief-minister/ भारी और मध्यम वाहनों के लिए रात्रि 12 बजे से सुबह 3 बजे तक सीमित समय के लिए निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी। दूसरा चरण 5 अगस्त से 11 अगस्त तक रहेगा। इस दौरान शहर क्षेत्र में भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हल्के वाहन भी कांवड़ मार्ग से होकर नहीं गुजर सकेंगे और केवल निर्धारित क्रॉसिंग प्वाइंटों से ही आवागमन कर सकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दूध, गैस, पेट्रोलियम, ऑक्सीजन, एंबुलेंस, नगर निगम, बिजली एवं दूरसंचार विभाग सहित आवश्यक सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। इन्हें कांवड़ मार्ग पार करने के लिए केवल अंबेडकर चैक का उपयोग करना होगा। कांवड़ यात्रा के दौरान देहरादून रोडवेज बस अड्डे का संचालन अस्थायी रूप से कांशीराम कॉलोनी से किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, गंगोह और नकुड़ रूट की बसें मानकमऊ बस स्टैंड से संचालित होंगी। ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा अवधि में जारी ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से कांवड़ मार्ग पर वाहन न लाएं तथा पुलिस और प्रशासन का सहयोग कर यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।