सहारनपुर। जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ऑटो और ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर वाहन चलाने तथा नाबालिग छात्र-छात्राओं द्वारा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात के निर्देशन और प्रभारी यातायात पुलिस के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 38 वाहनों के चालान किए गए। यातायात नियमों के उल्लंघन पर दो लाख 30 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया। यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान कई ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर वाहन चलाते हुए पकड़ा। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अलावा कई छात्र-छात्राएं बिना ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाते हुए पाए गए। पुलिस ने ऐसे मामलों में संबंधित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को मौके पर बुलाकर कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में यदि नाबालिग बच्चे बिना लाइसेंस वाहन चलाते हुए पाए गए तो उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/dios-o-p-tripathi-gets-major-relief-from-high-court/
यातायात पुलिस ने अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना उनके जीवन को खतरे में डालने जैसा है। सड़क हादसों में बढ़ती मौतों और चोटिल होने की घटनाओं को देखते हुए अभिभावकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कई बार देखा जाता है कि अभिभावक स्वयं अपने बच्चों को बाइक और स्कूटी देकर स्कूल भेजते हैं, जबकि उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता। यह कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ बच्चों की जान के लिए भी जोखिम भरा कदम है। यातायात विभाग ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही स्कूल वाहन चालकों से भी निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। यातायात पुलिस ने अपने संदेश में कहा— “आपकी सुरक्षा हमारा दायित्व” और सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।