गाजीपुर। ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और पौराणिक विरासत को अपने भीतर समेटे गाजीपुर की पावन धरती अब फिल्म और वेब सीरीज़ की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। मां गंगा के पावन आंचल में बसे बवांड़े गांव में शुक्रवार को ग्रामीण परिवेश पर आधारित वेब सीरीज़ “परगना 24×7” का भव्य शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भाजपा की राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवन्त ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना कर किया।read more:https://worldtrustednews.in/councilors-mobilized-to-investigate-financial-irregularities-in-afzalgarh-municipal-council/
यश अजय फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस वेब सीरीज़ का निर्देशन युवा निर्देशक रवि शंकर जायसवाल कर रहे हैं। सीरीज़ की शूटिंग जनपद गाजीपुर के विभिन्न प्राकृतिक और ग्रामीण लोकेशनों पर की जाएगी, जिससे जिले की संस्कृति, गांवों की जीवनशैली और स्थानीय परिवेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शूटिंग शुरू होने की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शूटिंग स्थल पर पहुंचे और कलाकारों एवं यूनिट के सदस्यों का स्वागत किया।शुक्रवार को वेब सीरीज़ का पहला दृश्य बवांड़े गांव स्थित बच्चा सिंह के मकान पर फिल्माया गया, जहां लेखपाल के भव्य मकान को प्रमुख लोकेशन के रूप में इस्तेमाल किया गया। पहले दृश्य में ग्राम प्रधान के आगमन और वार्ता का दृश्य शूट किया गया, जिसने ग्रामीण राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था की झलक पेश की।बताया जा रहा है कि इस वेब सीरीज़ के निर्माता एवं मुख्य अभिनेता यश अजय सिंह मूल रूप से गाजीपुर के निवासी हैं। यही कारण है कि उन्होंने अपनी पहली बड़ी परियोजना के लिए अपने गृह जनपद की मिट्टी और यहां की कहानियों को चुना। सीरीज़ में मुख्य नायिका की भूमिका अभिनेत्री रोशनी रस्तोगी निभा रही हैं। वहीं अन्य प्रमुख कलाकारों में संजय स्वराज, नवीन बावा, दीप राज राणा, सत्यकाम आनंद, बच्चा सिंह और अविनाश शुक्ला जैसे अनुभवी चेहरे नजर आएंगे।तकनीकी टीम भी अनुभवी कलाकारों और विशेषज्ञों से सुसज्जित है। कार्यकारी निर्माता सुरेंद्र धवले और ऋषिकेश तिवारी, क्रिएटिव डायरेक्टर राज सिसोदिया, कैमरामैन संतोष पाल तथा लाइन प्रोड्यूसर मयंक सिंह इस परियोजना को भव्य रूप देने में जुटे हुए हैं।इस दौरान मीडिया से बातचीत में लाइन प्रोड्यूसर मयंक सिंह ने बताया कि “परगना 24×7” सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से नहीं बनाई जा रही, बल्कि यह ग्रामीण समाज, सरकारी तंत्र और आम लोगों के संघर्षों की सच्ची तस्वीर दर्शकों के सामने लाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में ऐसी कहानियों की जरूरत है, जिन्हें पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके और समाज की वास्तविकताओं को समझ सके।उन्होंने कहा, “हम ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जो गांव की मिट्टी से निकली है। इसमें रिश्तों की संवेदनाएं हैं, व्यवस्था की चुनौतियां हैं और आम आदमी के संघर्ष की असली झलक है। यह सीरीज़ दर्शकों को मनोरंजन के साथ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी देगी।”वेब सीरीज़ की शूटिंग के दौरान स्थानीय युवाओं और कलाकारों को भी अभिनय एवं तकनीकी कार्यों में अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। ग्रामीण परिवेश और स्थानीय बोली-बानी को शामिल किए जाने से यह सीरीज़ पूर्वांचल की संस्कृति को भी देशभर तक पहुंचाने का माध्यम बन सकती है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस तरह की फिल्म और वेब परियोजनाएं गाजीपुर में लगातार होती रहीं, तो आने वाले समय में यह जिला फिल्म शूटिंग के लिए एक नए केंद्र के रूप में उभर सकता है।