बाराबंकी। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिले में सितंबर से नवंबर तक रोजगार मेलों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। सेवा संकल्प अभियान और उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिले की विभिन्न विधानसभाओं में छह रोजगार मेलों के साथ मुख्यालय स्तर पर वृहद रोजगार मेले का आयोजन प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि रोजगार मेलों के जरिए अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को हैदरगढ़, तीन अक्टूबर को रामनगर, छह अक्टूबर को फतेहपुर, नौ अक्टूबर को बनीकोडर और 17 अक्टूबर को बाराबंकी में रोजगार मेला आयोजित होगा। इसके अलावा दो नवंबर को संत कवि बाबा बैजनाथ पीजी कॉलेज, हरख में भी रोजगार मेला लगेगा। मुख्यालय स्तर पर 18 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज, बाराबंकी में वृहद रोजगार मेले का आयोजन होगा। इसमें करीब 50 निजी क्षेत्र की कंपनियों के शामिल होने और 1000 से 2000 अभ्यर्थियों के चयन का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इन रोजगार मेलों में 30 से अधिक निजी कंपनियां शामिल होकर विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले तकनीकी और गैर-तकनीकी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन करेंगी। उन्होंने अधिकारियों को मेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/
श्रमिकों को रोजगार की जानकारी दी
बाराबंकी। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग की ओर से नाका सतरिख स्थित लेबर चौक पर जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर लगाया गया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। सहायक श्रमायुक्त अमित प्रकाश सिंह के निर्देश पर आयोजित शिविर में श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक के बारे में जानकारी दी गई। मौके पर 10 श्रमिकों का डिजिटल लेबर चौक पर पंजीकरण कराया गया। इसके अलावा उपस्थित श्रमिकों से लेबर कार्ड पंजीकरण के लिए आवश्यक विवरण जुटाकर प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को बताया कि डिजिटल लेबर चौक के माध्यम से वे रोजगार के अवसरों से जुड़ सकते हैं और श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन लाल यादव और योगेश दीक्षित के अलावा विभागीय कर्मचारी अमन विक्रम यादव व रंजीत मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमिकों को पंजीकरण प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग दिया।