नोएडा! श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्वसंध्या पर वृंदावन चंद्रोदय मंदिर की ओर से सेक्टर-74 स्थित वेडिंग क्राउन बैंक्वेट हॉल में भव्य ‘कृष्णोत्सव’ का आयोजन किया गया। आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संध्या में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कृष्ण भक्ति में डुबकी लगाई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। बच्चों और कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं तथा सनातन संस्कृति पर आधारित नृत्य-नाटिकाएं प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा सभागार ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष और तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस आर.एन. मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक मूल्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए मंदिर के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर दिव्य कृष्णात्रेय, मनमोहन शर्मा, डॉ पीयूष द्विवेदी और मोनू चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। समारोह का प्रमुख आकर्षण श्री राधा वृंदावन चंद्र का भव्य महाभिषेक रहा। विशेष रूप से वृंदावन धाम से लाए गए विग्रहों का हरे कृष्ण महामंत्र के अखंड संकीर्तन और जयकारों के बीच महाभिषेक किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नोएडा में ही वृंदावन धाम जैसी आध्यात्मिक अनुभूति महसूस की। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर के अध्यक्ष ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आध्यात्मिक महत्व और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।