शक्तिनगर (सोनभद्र)। शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर बोदरा बाबा के समीप भारी ट्रेलरों की अव्यवस्थित आवाजाही और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थिति ऐसी हो गई है कि राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रेलर चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए अचानक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में प्रवेश कर जाते हैं। कई बार बिना संकेत दिए भारी वाहन मोड़ लेने से छोटे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगानी पड़ती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क के दोनों ओर खड़े ट्रेलरों के कारण मार्ग संकरा हो गया है और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार सुबह और दोपहर के समय, जब स्कूल खुलने और छुट्टी का समय होता है, तब ट्रेलरों की लंबी कतारें लग जाती हैं।read more:https://pahaltoday.com/sukesh-chandrashekhar-granted-bail-in-rs-200-crore-money-laundering-case/इससे स्कूली बच्चों को विद्यालय पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वहीं अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं। कई बार सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे आम नागरिकों का आवागमन बाधित होता है। बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। कीचड़, फिसलन और भारी वाहनों के दबाव से सड़क की स्थिति खराब हो जाती है, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि बोदरा बाबा क्षेत्र में ट्रेलरों की पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए, सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाए तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। लोगों का कहना है कि आम जनता और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाना बेहद जरूरी है। बोदरा बाबा मार्ग पर ट्रेलरों की मनमानी अब क्षेत्रवासियों की बड़ी चिंता बन चुकी है। लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।