गाजीपुर। जनपद में अवैध और ओवरलोड खनन वाहनों पर कार्रवाई के दौरान बुधवार की रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव के पास एक ओवरलोड ट्रक ने खनन विभाग की बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलटकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में वाराणसी मंडल के खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा सहित टीम के सदस्य बाल-बाल बच गए, जबकि बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई।read more:https://pahaltoday.com/the-ceasefire-will-have-global-implications-for-energy-the-economy-and-diplomacy-which-will-be-a-relief-for-the-general-public/प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा अपनी टीम के साथ गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गिट्टी से लदे एक संदिग्ध ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भागने लगा।खनन विभाग की टीम द्वारा पीछा किए जाने पर सिधौना गांव के समीप ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर पर जा चढ़ी। घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। खनन अधिकारी को मामूली चोटें आई हैं तथा उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।घटना ने एक बार फिर जिले में ओवरलोड वाहनों के बेलगाम संचालन और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।