सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक स्वरूप दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में एकीकृत नियंत्रण कक्ष (इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम) का शुभारंभ किया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह की उपस्थिति में कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि एकीकृत नियंत्रण कक्ष के माध्यम से कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों की निगरानी एक ही स्थान से की जाएगी। इससे किसी भी सूचना पर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी और श्रद्धालुओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। कंट्रोल रूम को शहर के प्रमुख चैराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए गए 350 अत्याधुनिक आईपी आधारित नाइट विजन सीसीटीवी कैमरों से जोड़ा गया है। इसके अलावा विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थापित करीब 650 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी संबंधित थानों से लगातार की जाएगी। इस व्यवस्था से पूरे जनपद की गतिविधियों पर चैबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कंट्रोल रूम को अत्याधुनिक डिस्प्ले वॉल, हाई-स्पीड डेटा नेटवर्किंग, जीपीएस ट्रैकिंग और आधुनिक सर्वर सिस्टम से सुसज्जित किया गया है। यह प्रणाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ किसी भी घटना की सूचना मिलते ही संबंधित पुलिस टीम तक तत्काल संदेश पहुंचाने में सक्षम होगी। कंट्रोल रूम को डायल-112, ट्रैफिक कंट्रोल और स्थानीय पुलिस थानों के साथ भी एकीकृत किया गया है। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल कम से कम समय में घटनास्थल पर पहुंच सकेगा।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/साथ ही कांवड़ यात्रा, वीआईपी मूवमेंट, धार्मिक आयोजनों और बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात एवं भीड़ प्रबंधन का संचालन भी इसी कंट्रोल रूम से किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिस ने विश्वास जताया कि नई व्यवस्था से कांवड़ यात्रा के संचालन में काफी मदद मिलेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक मजबूती आएगी।