राज़ीव जायसवाल बड़हलगंज (गोरखपुर), 26 अप्रैल 2026। थाना बड़हलगंज क्षेत्र के कसाब टोला में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। इस घटना में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।read more:https://worldtrustednews.in/police-found-valuable-jewellery-worth-rs-7-lakh-left-in-an-auto/
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसाब टोला लालगंज निवासी लक्ष्मण गौड़ पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार रात वह अपने भाई जितेंद्र के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का आरोपी गुड्डू उर्फ जब्बार वहां पहुंचा और दोनों भाइयों से विवाद करने लगा। लक्ष्मण गौड़ के मुताबिक, जब उन्होंने आरोपी का विरोध किया, तो उसने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में जितेंद्र के पेट में गंभीर चोट लग गई और आँत बाहर आ गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल जितेंद्र को तत्काल बड़हलगंज स्थित दुर्गावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। पुलिस ने लक्ष्मण गौड़ की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 109 (जानलेवा हमला/हत्या के प्रयास से संबंधित प्रावधान) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और उसकी जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी सुनील राय ने बताया कि यह एक गंभीर मामला है। घायल का इलाज जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।