हर घर तिरंगा अभियान बना राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन: राजीव गुंबर

सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत मंगलवार को नगर विधायक राजीव गुंबर ने भाजपा शारदा मंडल क्षेत्र में शहीद निशांत शर्मा की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। स्वच्छता के बाद विधायक ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर राजीव गुंबर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ अब राष्ट्रभक्ति के जनआंदोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान ने देशवासियों के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ सहित विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ इन आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग से परिचित कराने के साथ ही राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता अभियान के बाद विधायक राजीव गुंबर ने शहीद निशांत शर्मा के परिजनों से भी मुलाकात की और उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। शहीदों का सम्मान करना और राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। राजीव गुंबर ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता को भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान के साथ सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना, राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखना और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करना भी सच्ची राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने नागरिकों से वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद संजय सैनी, राजेंद्र गुंबर, प्रदीप पवार, रोहित पुंडीर, राजीव सैनी, आशीष अग्रवाल, संजीव आर्यन, राजकुमार त्यागी सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *