बहराइच ( पयागपुर तहसील )। सावन माह में भगवान शिव के प्रति आस्था और श्रद्धा का अनूठा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पयागपुर क्षेत्र के भूपगंज बाजार स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप हनुमान मंदिर से कांवरियों का एक जत्था विधि-विधान के साथ झारखंड के देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पहले मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की गई तथा भगवान हनुमान और भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर कांवरियों ने अपनी यात्रा शुरू की। इस दौरान पूरा क्षेत्र “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बाबा बैद्यनाथ की जय” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
भगवा वस्त्र धारण किए कांवरियों के हाथों में सजी-धजी कांवर आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालुओं ने तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर तथा जयघोष के साथ कांवरियों का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। भक्ति और उत्साह का ऐसा माहौल रहा कि मंदिर परिसर में देर तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।readmore:https://khabarentertainment.in/the-drug-free-youth-developed-india-pledge-campaign-will-run-across-the-state-starting-august-2/श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा का विशेष धार्मिक महत्व है। परंपरा के अनुसार कांवरिये बिहार के सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल भरते हैं और लगभग 120 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा करते हुए झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। वहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं। सावन के पूरे माह में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त इस पावन यात्रा में शामिल होते हैं।कांवरियों के जत्थे को रवाना करने के अवसर पर उमेश तिवारी, राजू दुबे, दिलीप सिंह, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा भोलेनाथ का जयघोष करते हुए कांवरियों की सफल और सुरक्षित यात्रा की कामना की। श्रद्धालुओं का उत्साह और शिवभक्ति पूरे आयोजन में देखते ही बन रही थी।