बहराइच ( विशेश्वरगंज )। थाना क्षेत्र के विशेश्वरगंज बस स्टॉप स्थित पुरैना मोड़ पर संचालित सुमन पाली क्लीनिक में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने क्लीनिक में कथित रूप से अप्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन किए जाने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में तहरीर दी है।
बताया जाता है कि महिला को प्रसव के लिए उक्त क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि वहां ऑपरेशन किए जाने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पति सतीश यादव ने क्लीनिक संचालक व वहां मौजूद चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी।readmore:https://khabarentertainment.in/32-complaints-registered-at-the-sampoorna-samadhan-diwas-sdm-issues-directives-for-quality-resolution/
मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिलने के बाद मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशेश्वरगंज के अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्रा और सी फार्मासिस्ट शैलेंद्र द्विवेदी ने क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने पर मौके पर कोई चिकित्सक अथवा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। टीम के पहुंचने की जानकारी मिलते ही क्लीनिक में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक से संबंधित पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जानकारी ली। अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्रा के अनुसार, मौके पर आवश्यक पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद क्लीनिक को बंद कराते हुए निर्देश दिया गया कि आवश्यक पंजीकरण, अभिलेख और योग्य चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद ही इसका संचालन किया जाए।