ट्रॉली पलटने से दबकर बुजुर्ग किसान की मौत, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार

*फतेहपुर।* थाना क्षेत्र के मैकुआपुर गांव में सोमवार को दोपहर करीब एक बजे एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय किसान की ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मैकुआपुर निवासी रामौतार निषाद (60) पुत्र खंडू लाल गेहूं कटाई के बाद खेत में ट्रॉली में गेहूं भरवाने का काम करा रहे थे। बताया जा रहा है कि मजदूर ट्रॉली में गेहूं लोड कर रहे थे, जबकि रामौतार ट्रॉली के नीचे छांव में बैठे थे। इसी दौरान ट्रॉली के पीछे की ओर अचानक वजन अधिक हो जाने से वह पलट गई और नीचे बैठे रामौतार उसके नीचे दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे के समय ट्रैक्टर और थ्रेसर दूसरी जगह गेहूं कटाई के कार्य में लगे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव को घर ले आए।मृतक के चार बेटे देवदत्त, रामदत्त, ओमप्रकाश और शिवप्रकाश हैं, जिनमें रामदत्त की करीब छह माह पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। दो बेटे राजस्थान के बीकानेर और जयपुर में नौकरी करते हैं, जबकि शिवप्रकाश मुंबई में कार्यरत है। सूचना मिलते ही तीनों बेटे घर के लिए रवाना हो गए हैं।मृतक की दो बेटियां प्रेमता देवी और उमा देवी हैं, जिनमें प्रेमता देवी की शादी हो चुकी है। रामौतार के पास करीब 10 बीघा खेती थी, जिसे वह बंटाई पर देते थे और इसी सिलसिले में खेत गए थे। उनकी पत्नी बेलपती देवी की भी पांच माह पहले बीमारी से मृत्यु हो चुकी है।परिवार में बहू सुनीता, ममता सहित नाती-नातिन हरिकृष्ण, प्रिंसू, नीलम, सोमिया और कीर्ति का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि घटना की उन्हें अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। यदि परिजनों की ओर से सूचना दी जाती है तो जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *