असोथर में धूमधाम से निकली बाबा साहेब की शोभायात्रा, देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम

*फतेहपुर।* डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को असोथर नगर पंचायत में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों लोगों की मौजूदगी में विशाल शोभायात्रा निकाली गई और देर रात तक सांस्कृतिक व कीर्तन कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा।शोभायात्रा की शुरुआत वार्ड किलापर से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा सब्जी मंडी, ब्लॉक मुख्यालय, बस स्टॉप, प्रताप नगर झाल तिराहा, थरियांव मोड़, बैरहना, विधातीपुर, वार्ड नंबर 8 मुराइन मोहल्ला, गढ़ी, मिश्रन मोहल्ला, अंबेडकर नगर, सर्वोदय इंटर कॉलेज, बढ़ईन मोहल्ला और मस्जिद मोहल्ला होते हुए देर शाम पुनः किलापर पहुंचकर संपन्न हुई।यात्रा के दौरान जगह-जगह बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और लोगों ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। शोभायात्रा में युवाओं और महिलाओं की विशेष भागीदारी रही, जिससे पूरे नगर में उत्सव का माहौल बना रहा।इस आयोजन का संचालन सामाजिक जन जागृति समिति नगर पंचायत असोथर के तत्वाधान में किया गया। समिति के अध्यक्ष सूरजभान पाल, उपाध्यक्ष फूलचंद्र वर्मा, रमेश पासवान, सोनू वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर, गौतम बुद्ध, झलकारी बाई कोरी, बीबी फातिमा शेख, ललई सिंह यादव, रामास्वामी पेरियार और सावित्री बाई फूले की झांकियों पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पेठा, हलुआ, पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान सर्वेश मोदनवाल, शिवबरन निषाद उर्फ त्यागी बाबा, सुनील पासवान, चंद्रभान उर्फ चंदा जायसवाल, सूरजभान पाल सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया।रात्रि में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अंबेडकर की जीवनी पर आधारित कीर्तन और गायकी प्रस्तुत की गई, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *