पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, तीन दिन में लंबित ऋण पत्रावलियों के निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर । प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैंक शाखाओं और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए लंबित ऋण पत्रावलियों एवं निरीक्षण कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार सहित विद्युत विभाग, स्मार्ट मीटर कंपनी और विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।read more:https://pahaltoday.com/after-bengal-bjp-embarks-on-mission-punjab-drug-abuse-law-and-order-and-corruption-are-the-main-issues/बैठक में यूपीनेडा की ओर से बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक जनपद में 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 3167 घरों पर सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही बैंकों में 941 ऋण पत्रावलियां लंबित होने की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला अग्रणी प्रबंधक और सभी बैंक समन्वयकों को विशेष अभियान चलाकर एक माह से अधिक समय से लंबित पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिन के भीतर तथा एक माह के अंदर की लंबित पत्रावलियों का निस्तारण सात दिन में सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बैंक शाखाओं द्वारा अनावश्यक रूप से ऋण पत्रावलियां निरस्त न की जाएं और ऋण वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा टालमटोल करने वाले शाखा प्रबंधकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध संबंधित बैंक मुख्यालय को अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु पत्र भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि पोर्टल पर लंबित निरीक्षण कार्य तीन दिन के भीतर पूर्ण कराए जाएं तथा मीटर स्थापना और कॉन्फिगरेशन का कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए। साथ ही विद्युत बिल संशोधन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सभी डिवीजनों में मेगा शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर देते हुए समस्त वेंडरों को निर्देश दिया कि तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों तथा विद्युत वितरण खंड और उपखंड कार्यालयों पर जागरूकता शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को पीएम सूर्य घर योजना से जोड़ने का कार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *